रिश्वतखोरी के आरोप में एडिशनल SHO गिरफ्तार, निगरानी टीम ने एक लाख लेते दबोचा
राजधानी पटना में निगरानी विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जानीपुर थाना के एडिशनल SHO संजय सिंह को एक लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
पटना : राजधानी पटना में निगरानी विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जानीपुर थाना के एडिशनल SHO संजय सिंह को एक लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, मामला जमीन विवाद से जुड़ा है। पीड़ित कौशल किशोर का आरोप है कि जमीन संबंधी मामले को सुलझाने और कब्जा दिलाने के नाम पर उनसे मोटी रकम मांगी गई थी। पहले पांच लाख रुपये की मांग हुई, बाद में दो लाख रुपये में सौदा तय हुआ। इसके बाद पीड़ित ने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई।
बुधवार को संजय सिंह गाजाचक मोहम्मदपुर पंचायत के कोरियावां इलाके में जमीन की पैमाइश और खूंटा गड़वाने पहुंचे थे। इसी दौरान जैसे ही उन्होंने एक लाख रुपये लिए, पहले से तैयार निगरानी टीम ने उन्हें पकड़ लिया।
सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तारी के दौरान उन्होंने अपनी पिस्टल निकालने की कोशिश की, लेकिन टीम में शामिल ASI रवि कुमार ने तुरंत उनका हाथ पकड़ लिया। इस दौरान रवि कुमार के हाथ में चोट भी आई। DSP अरुणोदय पांडे ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद जांच कराई गई थी। आरोप सही पाए जाने पर ट्रैप टीम बनाकर कार्रवाई की गई। पटना के फुलवारी शरीफ से रजत कुमार की रिपोर्ट।